रुद्रप्रयाग। धनपुर क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण तूना-बौंठा मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के सुधारीकरण पर 1.85 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
लंबे समय से क्षेत्र के ग्रामीण मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग कर रहे थे। तकनीकी अड़चनों के चलते कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। शासन से धनराशि स्वीकृत होने और तकनीकी समस्याओं का समाधान होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
कार्य शुभारंभ के अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि तूना-बौंठा मोटर मार्ग धनपुर क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। मार्ग के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में विकास गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि मार्ग का करीब 1.5 किलोमीटर हिस्सा नगर पालिका क्षेत्र में आता है, जहां यातायात का दबाव अधिक रहता है। इस हिस्से को इंटरलॉकिंग टाइल्स से सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे सड़क की गुणवत्ता के साथ-साथ आवागमन भी सुगम होगा।
मंत्री ने बताया कि तूना-बौंठा मोटर मार्ग का निर्माण पूर्व में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत किया गया था। पांच वर्ष की अवधि पूरी होने के बाद मार्ग को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया गया। इसके बाद अब मार्ग के सुदृढ़ीकरण और डामरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
अन्य सड़कों के सुधारीकरण को भी मिली मंजूरी
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की अन्य सड़कों के सुधारीकरण का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। पुनाड़ सड़क को पीएमजीएसवाई फेज-4 के तहत स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं जयमंडी सड़क के डामरीकरण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जल्द ही इस सड़क पर भी कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 107 करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी गई है। उम्मीद है कि इस प्रस्ताव को जल्द स्वीकृति मिलेगी और नगर क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के समाधान की दिशा में काम शुरू होगा।
मंत्री ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवान, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, सैन सिंह बिष्ट, सभासद अंकुर खन्ना, नरेंद्र रावत सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
