आजादी के बाद पहली बार उपला धिवरा गांव पहुंचे जिलाधिकारी, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत

 

पुरोला संवाददाता। यमुना घाटी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे जिलाधिकारी प्रशांत आर्य बुधवार को पुरोला विकासखंड के उपला धिवरा गांव पहुंचे। आजादी के बाद पहली बार किसी जिलाधिकारी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का गर्मजोशी से स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने गांव में आयोजित हरेला महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, टोंस डिविजन के वनकर्मियों और ग्रामीणों के साथ उन्होंने पौधरोपण किया। इसके बाद ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, विकास की संभावनाओं और आवश्यक सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

इस दौरान वन सरपंच डॉ. राकेश रतूड़ी ने क्षेत्र के विकास से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव जिलाधिकारी को सौंपे। उन्होंने अकरू का डांडा क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने, सुनाली से धिवरा तक सड़क मार्ग के करीब 1.5 किलोमीटर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत तथा सुनाली-उपला धिवरा से लेगड़ा थात तक सड़क निर्माण की मांग रखी।

ग्रामीणों की सड़क निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सुनाली-उपला धिवरा से लेगड़ा थात तक प्रस्तावित मार्ग का जियोलॉजिकल सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के माध्यम से क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का परीक्षण कर सड़क निर्माण की संभावनाओं का आकलन किया जाए।

वृद्ध महिला की पेंशन समस्या का 15 दिन में समाधान के निर्देश

गांव की वृद्ध महिला बसंती देवी की वृद्धावस्था पेंशन में आ रही समस्या का मामला भी जिलाधिकारी के सामने रखा गया। जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी पुरोला मुकेश रमोला को 15 दिनों के भीतर पेंशन से संबंधित सभी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन के इस दौरे से गांव की सड़क, पर्यटन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान को गति मिलेगी।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख निशिता शाह, उपजिलाधिकारी मुकेश रमोला, लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक नेगी, रेंज अधिकारी अमिता चौहान थपलियाल, वन सरपंच डॉ. राकेश रतूड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता मोहित शाह, रमेश पैन्यूली, धर्मेंद्र राणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->