हर घर तिरंगा अभियान के प्रचार वाहन को डीएम नितिका खंडेलवाल ने दिखाई हरी झंडी

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी करेंगे फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन

नई टिहरी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बुधवार को नई टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून के प्रचार वाहन को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मीडिया को जिले में अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून की ओर से नई टिहरी में 14 और 15 अगस्त को एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम्’ विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवशाली यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत तथा विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके बाद केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 14-15 अगस्त को नई टिहरी में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसके अलावा फोटो प्रदर्शनी देखने आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे वे स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति से जुड़े विषयों को रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से समझ सकें।

उन्होंने बताया कि राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी 14 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों से नई टिहरी में आयोजित फोटो प्रदर्शनी का अधिक से अधिक संख्या में भ्रमण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को तिरंगे की गौरवपूर्ण यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को जानने-समझने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

!-- Google tag (gtag.js) -->