पीआईबी देहरादून में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून की ओर से बुधवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पीआईबी परिसर में आम, चीकू, लीची समेत विभिन्न फलदार पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आकाशवाणी देहरादून की संयुक्त निदेशक श्रीमती साक्षी सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और पर्यावरण संरक्षण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और समृद्ध भविष्य की नींव भी तैयार करता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक श्री संजीव सुंद्रियाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाने के साथ-साथ उसके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मां और प्रकृति का रिश्ता अटूट है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृशक्ति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अनूठा माध्यम है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर ही इसके सकारात्मक और दीर्घकालिक परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत 5 जून 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की गई थी। अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी मां के प्रति प्रेम, सम्मान और आदर के प्रतीक के रूप में पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ मृदा क्षरण को रोकना और क्षतिग्रस्त भूमि के पुनर्स्थापन को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने संस्थान, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ और सतत भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।

!-- Google tag (gtag.js) -->