तिरंगे के रंग में रंगा पिथौरागढ़, शहर में निकली भव्य तिरंगा रैली
पिथौरागढ़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन के तत्वावधान में पिथौरागढ़ नगर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चों के साथ जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
रामलीला मैदान से शुरू हुई रैली का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत के साथ राज्य दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मेयर कल्पना देवलाल और जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली रामलीला मैदान से सिल्थाम, केमू स्टेशन, गुप्ता तिराहा और एप्टेक तिराहा होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष किए। देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल उत्साह और राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया।
रैली में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने तिरंगा लेकर भाग लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने कार्यक्रम में जोश और उत्साह का संचार किया। नगर की सड़कों पर एक साथ लहराते सैकड़ों तिरंगे रैली का विशेष आकर्षण रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, वीर जवानों के बलिदान, साहस और देशवासियों की आकांक्षाओं का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रध्वज के महत्व से जोड़ने का अवसर मिलता है। तिरंगा रैली के जरिए नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
जिला प्रशासन ने आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने, अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने की अपील की।
