उत्तरकाशी, 13 अगस्त। जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी प्रसव केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सुदृढ़ किया जाएगा। नवनियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार से यमुना घाटी के अस्पतालों का दो दिवसीय औचक निरीक्षण शुरू किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सीएचसी बड़कोट, सीएचसी नौगांव, उपजिला चिकित्सालय पुरोला और सीएचसी मोरी का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, आकस्मिक कक्ष, वार्ड, पैथोलॉजी लैब सहित विभिन्न व्यवस्थाओं और अभिलेखों की जांच की। इस दौरान भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक भी लिया।
सीएचसी मोरी के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने जर्जर भवनों की मरम्मत के साथ ही नए भवन निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश कार्यदायी संस्थाओं को दिए। वहीं, उपजिला चिकित्सालय पुरोला में निर्माणाधीन भवन के कार्य को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पर्याप्त मानव संसाधन बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में आउटसोर्स के माध्यम से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की शीघ्र नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सकों को जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकीय एवं अन्य स्टाफ की समयबद्ध उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रसव सेवाओं में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और स्वास्थ्य कर्मियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए प्रसव केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान एसीएमओ यमुना घाटी डॉ. आरसी आर्य, एसीएमओ डॉ. बीएस पांगती, डॉ. मुकेश राय सहित यमुना घाटी के चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे। सीएमओ ने ब्लॉक मोरी में आयोजित बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया और आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
