पुरोला में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, विद्यार्थियों ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह

पुरोला। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को पुरोला नगर क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर पालिका अध्यक्ष बिहारीलाल शाह की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की मौजूदगी में आयोजित यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, नगर पालिका कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

तिरंगा यात्रा नगर पालिका परिसर से शुरू होकर तहसील परिसर तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए छात्र-छात्राएं देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़े। यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और अन्य देशभक्ति नारों से पूरा नगर गूंज उठा। विद्यार्थियों में तिरंगा यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और देशहित में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष बिहारीलाल शाह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से तिरंगे का सम्मान बनाए रखने तथा स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

तिरंगा यात्रा में नपाध्यक्ष बिहारीलाल शाह, ब्लॉक प्रमुख निशीता शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष रामचंद्र पंवार, बलदेव रावत, बिरज मोहन चौहान, ओमप्रकाश नोडियाल, अनुराधा गुसाईं, अंकित चौहान, रीतेश गोदियाल, करुणा बिष्ट, अधिशासी अधिकारी प्रदीप दयाल, चतर सिंह चौहान, बरदेव नेगी, जय प्रकाश राही सहित राजस्व कर्मी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं नगर पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->