युवा जीवन में नैतिकता, अनुशासन और कौशल विकास को दें प्राथमिकता: डॉ. सुनीता भट्ट

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले युवाओं व विशिष्ट व्यक्तियों का सम्मान

राजीव गांधी नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता भट्ट ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल भी हासिल करना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकें। उन्होंने युवाओं से जीवन में नैतिक मूल्यों और अनुशासन को विशेष महत्व देने का आह्वान किया।

वह बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन रोड, रायपुर के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रही थीं।

कार्यक्रम में सीआईएमएस एवं यूआईएचएमटी के चेयरमैन एडवोकेट ललित जोशी ने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाकर अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को अपने माता-पिता की हरसंभव सेवा करने का संदेश भी दिया।

यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी के डॉ. अनिल वर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस-2026 की थीम ‘विभिन्न संदर्भ, समान आकांक्षाएं’ पर विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि दुनिया के अलग-अलग सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों में रहने वाले युवाओं की समस्याओं और समान आवश्यकताओं को समझना तथा उनके समाधान के प्रयास करना इस दिवस का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि विश्व के किसी भी कोने में कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे युवाओं तक पहुंचकर उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप सशक्तिकरण किया जाना आवश्यक है। आज बड़ी संख्या में युवा बेरोजगारी, प्रतिस्पर्धा, असफलता, मानसिक तनाव और रातोंरात अमीर बनने की लालसा के कारण नशे, अपराध, हिंसा और मानव तस्करी जैसी असामाजिक गतिविधियों की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, उचित मार्गदर्शन और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर ही युवाओं का वास्तविक सशक्तिकरण संभव है।

डॉ. वर्मा ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से दूसरों का जीवन बचाने के लिए नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।

यूसेक्स के संयुक्त निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने कहा कि युवाओं को केवल प्रेरणादायक बातें सुनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें उचित मार्गदर्शन देने के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर भी उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने युवाओं से जोश में होश न खोने तथा एड्स जैसी वैश्विक समस्या के प्रति जागरूक रहते हुए इससे बचाव के उपाय अपनाने का आह्वान किया।

राज्य उद्योग मित्र समिति के दायित्वधारी शांतनु बिष्ट ने कहा कि युवाओं को अपनी समस्याओं को दृढ़ता से सामने रखना चाहिए, लेकिन भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय विवेक और समझदारी से निर्णय लेना चाहिए, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण से बच सकें।

यूसेक्स के उपनिदेशक महेंद्र कुमार ने कहा कि जीवन की परिस्थितियां हमेशा हमारे अनुकूल नहीं होतीं, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में भी युवाओं को अपना धैर्य नहीं खोना चाहिए।

इस दौरान स्टेट नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं कुमकुम भारद्वाज और शैलजा पोखरियाल तथा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय की छात्रा रुचि ने भी समाज में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। हंसा ग्रुप के निदेशक विनोद ममगाईं एवं उनकी टीम ने नशा और एड्स के प्रति जागरूकता पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में समाज में विशिष्ट योगदान के लिए रक्तदाता शिरोमणि एवं यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी के डॉ. अनिल वर्मा, एडवोकेट ललित जोशी, प्रधानाचार्य डॉ. सुनीता भट्ट, राज्य दायित्वधारी शांतनु बिष्ट, रेडक्रॉस टीम लीडर मेजर प्रेमलता वर्मा तथा स्टेट नर्सिंग कॉलेज की शिक्षिका एकता उपाध्याय को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

इसके अलावा तकनीकी विशेषज्ञ मो. जावेद, संदीप सिंह, अखिलेश वर्मा, लक्ष्मण चौहान, विनोद ममगाईं, डीएवी कॉलेज की लीडर रिया बिष्ट व जिया तसव्वुर, डीबीएस कॉलेज के लीडर अथर्व थपलियाल व कनक उप्रेती, एनडीएमए के सुशील कैंतुरा तथा छात्रा वक्ताओं कुमकुम, शैलजा और रुचि को भी पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन यूथ रेडक्रॉस के डॉ. अनिल वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन यूसेक्स के संयुक्त निदेशक, आईईसी अनिल सती ने किया। कार्यक्रम में यूसेक्स के सहायक निदेशक सौरभ सहगल, ओपी सिंह, जगदीश अधिकारी, आशीष रॉबर्ट, किशन राजगुरु, आदित्य आर्य, साहिल डोभाल, सामिया, ध्रुव कौशिक, ऋषभ, निकिता, हिना, शिवांशी गुसाईं, रितु डिमरी, गौरव, विवेक, मोहित और रिया राज सहित यूथ रेडक्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवी, स्टेट नर्सिंग कॉलेज, सीआईएमएस एवं नवोदय विद्यालय की छात्राएं तथा एनसीसी कैडेट मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->