नई टिहरी में निकली भव्य तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

नई टिहरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को नई टिहरी में भव्य तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली को डाइजर से नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत एवं उपजिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली डाइजर से शुरू होकर हनुमान चौक, साईं चौक होते हुए बौराड़ी तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागी बनने की अपील की।

रैली में जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र सिंह फोनिया, तहसीलदार धीरज राणा, व्यायाम प्रशिक्षक ममता भट्ट, भाजपा नेता जयेन्द्र पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, युवा एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->