सुनारा गांव में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

पुरोला संवाददाता।
प्रखंड नौगांव के सुनारा गांव में एचसीएल फाउंडेशन, इंटैक और नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान देवदार, बांज, कचनार, थुनेर, भीमल, पदम, रिंगाल और तेजपत्ता सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। पौधरोपण अभियान में गांव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में बांज और देवदार जैसे वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ जलस्रोतों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वक्ताओं ने कहा कि जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए सामूहिक भागीदारी आवश्यक है। ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही पर्यावरण संरक्षण को व्यापक जनअभियान का रूप दिया जा सकता है।

इस दौरान बताया गया कि विश्व पर्यावरण दिवस और हरेला पर्व के अवसर पर भी इंटैक, एचसीएल फाउंडेशन एवं नमामि गंगे की ओर से क्षेत्र में संगोष्ठी और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया था।

कार्यक्रम में उप प्रधान दीपिका रमोला, वन रक्षक मंगल सिंह, इंटैक के सीनियर प्रोजेक्ट ऑफिसर ध्रुव शाह, ऋतिक सिंह, फील्ड अधिकारी टीसी रमोला, केयरटेकर कौशल्या, पूर्णी देवी, मंजली, बचनी देवी, राजू देवी, विनिता, नीलम, दर्शनी और वंदना सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

!-- Google tag (gtag.js) -->