12 अगस्त को विशेष स्वच्छता अभियान, 13 को निकलेगी तिरंगा रैली; 14 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और 15 अगस्त को होगा मुख्य समारोह
नई टिहरी। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने और आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
12 अगस्त को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि 12 अगस्त को जनपद के सभी प्रमुख स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान के लिए स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ ही स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही चयनित स्थलों की अभियान से पहले और बाद की फोटो अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
13 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली
बैठक में बताया गया कि 13 अगस्त को डाइजर से हनुमान चौक, मुख्य बाजार, साईं चौक होते हुए बौराड़ी तक तिरंगा रैली निकाली जाएगी। सीडीओ ने रैली के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को रैली के मार्ग पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम
सीडीओ ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा। इस दौरान विभाजन विभीषिका पर प्रदर्शनी, दो मिनट का मौन, वृत्तचित्र प्रदर्शन, श्रद्धांजलि और कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालयों और महाविद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
14 और 15 अगस्त को रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन
मुख्य विकास अधिकारी ने नगर पालिका को शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा शहीद स्मारक की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर में स्वच्छता, प्रकाश और अन्य व्यवस्थाएं बेहतर एवं व्यवस्थित नजर आनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि 14 और 15 अगस्त को सरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों को एलईडी लाइटों से प्रकाशमान किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
15 अगस्त को 9 बजे कार्यालयों में होगा ध्वजारोहण
सीडीओ ने बताया कि 15 अगस्त को सभी राजकीय कार्यालयों में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं, मुख्य कार्यक्रम स्थल प्रताप इंटर कॉलेज में मुख्य अतिथि द्वारा सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चयनित स्थलों और अमृत सरोवरों में पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
मुख्य कार्यक्रम स्थल और तहसील स्तर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मो. असलम, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी रवींद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
