बेलनी में बनेगा 85.68 मीटर लंबा नया मोटर पुल, प्रभावितों के पुनर्मूल्यांकन के निर्देश

33.05 करोड़ की लागत से बनेगा पुल, व्यापारियों के लिए अस्थायी बाजार बनाने के निर्देश

रुद्रप्रयाग। बेलनी में करीब 60 वर्ष पुराने स्टील पुल के स्थान पर अब 85.68 मीटर लंबे नए मोटर पुल का निर्माण प्रस्तावित है। पुल निर्माण से प्रभावित होने वाले भवन स्वामियों और स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभावितों ने मुआवजा, पुनर्स्थापना और कारोबार प्रभावित होने सहित विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।

राष्ट्रीय राजमार्ग-107 (पुराना एनएच-109) के किमी एक, बेलनी में प्रस्तावित नए पुल का निर्माण वर्तमान पुल के अपस्ट्रीम साइड में किया जाएगा। एप्रोच सहित पुल की कुल लंबाई 85.68 मीटर होगी। वार्षिक योजना 2025-26 के तहत प्रस्तावित इस परियोजना को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से स्वीकृति मिल चुकी है। परियोजना की स्वीकृत लागत करीब 33.05 करोड़ रुपये है।

प्रभावित परिसंपत्तियों का दोबारा होगा मूल्यांकन

बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण से प्रभावित होने वाले लोगों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने प्रभावित भवनों और अन्य परिसंपत्तियों के आकलन का पुनः परीक्षण एवं पुनर्मूल्यांकन करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए निर्माण कार्य जरूरी हैं, लेकिन विकास की कीमत पर किसी व्यक्ति की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

व्यापारियों के लिए बनेगा अस्थायी बाजार

स्थानीय व्यापारियों ने बैठक में बताया कि पुल निर्माण के दौरान दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के प्रभावित होने से उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने अधिकारियों को अस्थायी व्यापारिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अस्थायी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स अथवा दुकानों के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित कर चयन प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा। साथ ही पुल निर्माण शुरू होने से पहले प्रभावित परिवारों और व्यापारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मुआवजा, पुनर्स्थापना, वैकल्पिक व्यापार स्थल और यातायात व्यवस्था से संबंधित सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

चारधाम यात्रा के लिए भी महत्वपूर्ण परियोजना

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बेलनी पुल परियोजना चारधाम यात्रा के साथ ही क्षेत्र की दीर्घकालिक यातायात और कनेक्टिविटी जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों के साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।

बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग ओंकार पांडे, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, प्रभावित परिवार और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->