विकासनगर में ज्वेलर्स की दुकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

विकासनगर।
कोतवाली विकासनगर क्षेत्र की मुख्य सड़क स्थित न्यू राणा ज्वेलर्स में शनिवार देर रात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी रविवार सुबह दुकान खुलने पर हुई, जिसके बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद व्यापारियों में पुलिस की रात्रि गश्त और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने न्यू राणा ज्वेलर्स को निशाना बनाया और दुकान में सेंधमारी कर वहां रखे जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है।

घटना के बाद व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में इस तरह चोरी की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए जेवरात की बरामदगी की मांग की है।

व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि यदि रात में पुलिस की गश्त प्रभावी तरीके से होती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने पुलिस कप्तान से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।

वहीं, बाजार चौकी प्रभारी अर्जुन गुसाईं ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य संभावित सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने जल्द घटना का खुलासा किए जाने की बात कही।

ज्वेलर्स की दुकान में हुई इस चोरी से विकासनगर के व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचना चुनौती बना हुआ है।

!-- Google tag (gtag.js) -->