नई टिहरी। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण और जनोपयोगी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी टिहरी डा. राम प्रकाश ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएचसी बलेश्वर, सीएचसी पिलखी और पीएचसी नंदगांव पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
सीएचसी बलेश्वर में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सीएचसी बलेश्वर के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने बीपीएचयू लैब, अस्पताल परिसर, आवासीय भवन, ओपीडी और इमरजेंसी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और भवन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
पिलखी में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखी
सीएचसी पिलखी में चल रहे निर्माण कार्यों का भी सीएमओ ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता मनोज एवं अभिषेक तोमर तथा प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ऊषा भट्ट के साथ निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की।
सीएमओ ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से और तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने पर जोर दिया।
नंदगांव पीएचसी में प्रसव और ओपीडी सेवाएं बढ़ाने के निर्देश
पीएचसी नंदगांव के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य सेवाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संस्थान में प्रसव सेवाओं और ओपीडी में वृद्धि के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा संस्थान में आने वाले मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
