नई टिहरी। श्रावण कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे लगातार व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी कर रही हैं। इसी क्रम में एसएसपी ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर कांवड़ मेला क्षेत्र में की जा रही सीसीटीवी और ड्रोन मॉनिटरिंग का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कंट्रोल रूम में एसएसपी ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कांवड़ मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चल रही निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्रोन के जरिए की जा रही निगरानी की भी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क एवं लगातार नजर रखी जाए।
एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जाम वाले स्थानों पर पुलिस बल की त्वरित तैनाती सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए सीसीटीवी और ड्रोन मॉनिटरिंग को मजबूत बनाया जाए, ताकि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता से ड्यूटी निभाने तथा कांवड़ मेले को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
