ऑपरेशन प्रहार: डाकपत्थर पुलिस ने नशा तस्कर को किया गिरफ्तार, 11.86 ग्राम स्मैक बरामद

विकासनगर।
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत डाकपत्थर पुलिस ने शनिवार देर रात एक कथित नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.86 ग्राम अवैध स्मैक बरामद करने का दावा किया है।

डाकपत्थर चौकी प्रभारी सतेंद्र सिंह के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग और अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार रात पुलिस टीम ने टोंस कॉलोनी सेकेंड क्लब के पीछे स्थित सड़क पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान आसिफ (27) पुत्र इमरान, निवासी विशाल कॉलोनी, डाकपत्थर, थाना विकासनगर, देहरादून के रूप में हुई। उसके कब्जे से 11.86 ग्राम स्मैक बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पहले से दर्ज हैं एनडीपीएस एक्ट के पांच मामले

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के पांच अभियोग दर्ज हैं और वह दो बार जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी की यह तीसरी गिरफ्तारी है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह खुद नशे का आदी है और अपनी नशे की जरूरत तथा खर्च पूरा करने के लिए स्मैक बेचने का काम करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बरामद स्मैक स्थानीय स्तर पर एक व्यक्ति से खरीदने की बात भी स्वीकार की है।

डाकपत्थर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

!-- Google tag (gtag.js) -->