उत्तरकाशी, 09 अगस्त। चंद्रप्रकाश बहुगुणा।
सऊदी अरब में पिछले आठ वर्षों से फंसे डुंडा ब्लॉक के गोरसाड़ा निवासी इन्द्रमणि नौटियाल की घर वापसी को लेकर अब उम्मीद की नई किरण जगी है। इन्द्रमणि को वापस भारत लाने के प्रयासों को गति देते हुए गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मामले को गंभीरता से उनके समक्ष रखा।
विधायक ने मुख्यमंत्री को इन्द्रमणि के परिवार की लंबे समय से चली आ रही पीड़ा और उनकी सकुशल वापसी के लिए क्षेत्र में चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिवार पिछले आठ वर्षों से अपने परिजन की घर वापसी का इंतजार कर रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के लिए वार्ता की जाएगी, ताकि इन्द्रमणि की सकुशल घर वापसी का रास्ता जल्द साफ हो सके। मुख्यमंत्री ने मामले से जुड़े आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराने को कहा, जिन्हें विधायक की ओर से भेज दिया गया है।
इससे पहले विधायक सुरेश चौहान इन्द्रमणि के परिवार से मिलने गोरसाड़ा गांव भी पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया था। विधायक ने कहा था कि इन्द्रमणि की घर वापसी के लिए इस मामले को हर संभव स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।
दयारा बुग्याल बटर फेस्टिवल का दिया न्योता
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक सुरेश चौहान ने उन्हें 17 अगस्त 2026 को विश्व प्रसिद्ध दयारा बुग्याल में आयोजित होने वाले बटर फेस्टिवल में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। इसके साथ ही गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समसामयिक समस्याओं, विकास कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा हुई।
आठ वर्षों से अपनों की राह देख रहे इन्द्रमणि के परिवार के लिए मुख्यमंत्री का यह आश्वासन राहत और उम्मीद लेकर आया है। अब परिवार और क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सरकार के स्तर पर प्रभावी पहल के बाद इन्द्रमणि जल्द ही अपने घर और परिवार के बीच लौट सकेंगे।
