चकराता-कालसी में कांग्रेस की बीएलए बैठक, मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया की खामियों पर उठे सवाल

विकासनगर।
विधानसभा चकराता क्षेत्र में चल रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कांग्रेस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को पछवादून जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चकराता एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कालसी द्वारा कांग्रेस कार्यालय, कालसी में बीएलए (Booth Level Agent) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रथम चरण की समीक्षा तथा द्वितीय चरण में दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने बीएलए, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो, इसके लिए पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए और पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी होनी चाहिए।

बैठक के दौरान बीएलए और कार्यकर्ताओं ने पुनरीक्षण प्रक्रिया में सामने आ रही कई विसंगतियों की जानकारी विधायक को दी। उनका आरोप था कि बीएलओ द्वारा वितरित कुछ नोटिसों में सुनवाई की तिथि अलग दर्ज है, जबकि प्रशासन की सूची में दूसरी तिथि अंकित है। कुछ नोटिसों में सुनवाई की तिथि काटे जाने की शिकायत भी सामने आई, जिसे कार्यकर्ताओं ने गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए निष्पक्ष प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक प्रीतम सिंह ने मौके पर ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कालसी से दूरभाष पर वार्ता कर स्थिति स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि अनियमितताएं पाई गईं तो पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी।

वहीं, उपजिलाधिकारी कालसी प्रेमलाल ने स्पष्ट किया कि जिन सुनवाई तिथियों का पूर्व में निर्धारण किया गया है, उन्हीं तिथियों पर संबंधित पोलिंग बूथों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई होगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही सभी मामलों का निस्तारण किया जाएगा, ताकि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न हो।

बैठक के दौरान विकासखंड कालसी के खत शैली स्थित ग्राम बजऊ निवासी सुरेंद्र ने भाजपा की नीतियों से असंतोष जताते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष मायाराम तोमर (मागटी), पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सरदार सिंह तोमर, जिला पंचायत सदस्य दीवान सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, बीएलए एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->