विकासनगर।
धर्मावाला क्षेत्र में दुकानों में हुई नकबजनी की घटना का सहसपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
शुक्रवार को आदित्य सैनी, पुत्र सुंदर लाल सैनी, निवासी प्रतीतपुर धर्मावाला ने कोतवाली सहसपुर में तहरीर देकर बताया कि देर रात अज्ञात चोरों ने उनकी तथा नानक सिंह की दुकानों के ताले तोड़कर नकबजनी की और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
शिकायत मिलते ही सहसपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, पुराने चोरी के मामलों में शामिल अपराधियों से पूछताछ की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को तिमली-धर्मावाला क्षेत्र से मुस्तकीम (30 वर्ष) पुत्र पीरु, निवासी ग्राम धर्मावाला, थाना सहसपुर को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। चोरी का सामान बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) की भी बढ़ोतरी की।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुस्तकीम के खिलाफ पूर्व में भी सहसपुर सहित विभिन्न थानों और चौकियों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
