2015 में स्वीकृत आठ चिकित्सकीय पदों में सिर्फ एक दंत चिकित्सक तैनात, सीएम को भेजा ज्ञापन; मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

सीएचसी बड़कोट में डॉक्टरों की कमी पर फूटा जनाक्रोश, लामबंद हुए क्षेत्रवासी

उत्तरकाशी/बड़कोट, 14 सितंबर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बड़कोट में वर्षों से चिकित्सकों के रिक्त पदों को लेकर यमुनाघाटी के लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्रवासियों ने अस्पताल में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जताते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तत्काल तैनाती समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।

ज्ञापन में क्षेत्रवासियों ने बताया कि वर्ष 2015 में सीएचसी बड़कोट के लिए आठ चिकित्सकीय पद स्वीकृत किए गए थे, लेकिन वर्तमान में इनमें से केवल एक दंत चिकित्सक ही तैनात है। अन्य महत्वपूर्ण चिकित्सकीय पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इससे बड़कोट, नौगांव, पुरोला समेत पूरी यमुनाघाटी की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यमुनोत्री धाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव बड़कोट के सीएचसी में स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, सर्जन और एनेस्थेटिस्ट जैसे महत्वपूर्ण विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं हैं। गंभीर मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद उत्तरकाशी या देहरादून रेफर करना पड़ता है। ऐसे में मरीजों को समय पर समुचित उपचार मिलने में दिक्कतें आती हैं।

ज्ञापन के माध्यम से सीएचसी में 24 घंटे प्रसव सुविधा शुरू करने, आपातकालीन सेवाओं को सुदृढ़ करने, पर्याप्त चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति करने, आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने तथा इमरजेंसी व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई।

क्षेत्रवासियों ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यमुनोत्री धाम में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में स्थित सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित को देखते हुए रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्तियां करने और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की।

ज्ञापन देने वालों में समाजसेवी अजय रावत, पूर्ण सिंह रावत, व्यापार मंडल महामंत्री सोहन गैरोला, उपाध्यक्ष दिनेश चौहान, नीरज रावत, अवतार सिंह रावत, निशणी प्रधान मनोज चौहान, भरत सिंह, मदन जोशी, निर्मला, ललिता, मीरा, विनीता, गिरीश चौहान समेत दर्जनों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->