क्षेत्राधिकारी ने किया टनकपुर कोतवाली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण
टनकपुर। क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल ने सोमवार को कोतवाली टनकपुर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, सुरक्षा इंतजामों और पुलिस संसाधनों का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीएनएस, शस्त्र एवं टियर गैस उपकरण, आपदा एवं दंगा नियंत्रण उपकरण, मैस और बैरक सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारी ने पुलिस कर्मियों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस कर्मियों की दक्षता और तत्परता परखने के लिए राइफल खोलने और जोड़ने का अभ्यास कराया गया। क्षेत्राधिकारी ने अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त और चेकिंग प्रभावी ढंग से करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन के साथ बेहतर समन्वय और संवेदनशील व्यवहार रखते हुए प्रभावी एवं जनहितकारी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
