सकलाना पट्टी में आपदा से हुए नुकसान का लिया जायजा, प्रभावितों को जल्द राहत देने के निर्देश

नई टिहरी। जौनपुर क्षेत्र की सकलाना पट्टी में भारी बारिश से हुए नुकसान का ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी के नेतृत्व में अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आपदा से क्षतिग्रस्त सरकारी और गैर सरकारी परिसंपत्तियों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द नियमानुसार क्षतिपूर्ति और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा।

ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी ने धनोल्टी के एसडीएम पंकज भट्ट के साथ सत्यौं बाजार में कुछ समय पूर्व मलबा आने से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में शीघ्र सुरक्षात्मक कार्य कराने तथा प्रभावित लोगों को प्रतिकर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इसके बाद उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त उनियालगांव-हवेली, आनंद चौक-संतेगल, कठूकी चहल-घोना और पीपीसीएल-सीतापुर मोटर मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नदी के उफान से कुमाल्डा क्षेत्र में उत्पन्न खतरे के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से आपदा प्रभावित मोटर मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द दुरुस्त कराने को कहा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों को भी शीघ्र भरने के निर्देश दिए।

संजय नेगी ने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए। इसके अलावा स्कूलों, नहरों, गूलों, सार्वजनिक रास्तों समेत अन्य क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की भी प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्र में जनजीवन सामान्य हो सके।

इस अवसर पर तहसीलदार शादाब, भाजपा मंडल अध्यक्ष जय सिंह अजवान, गंभीर पंवार, अरविंद सकलानी, संदीप मंडरवाल, बीडीसी गंभीर नेगी, सूरत सिंह कठैत, प्रधान बीरपाल सिंह, प्रधान मीना देवी, देवेंद्र राणा, मुकेश पंवार, मंजीत सिंह रावत, उदय सिंह पंवार, गणेश सकलानी आदि मौजूद रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->