लखपति दीदी प्रशिक्षण में महिलाओं को दी सरकारी योजनाओं की जानकारी
नई टिहरी। विकासखंड जाखणीधार मुख्यालय में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत लखपति दीदी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आजीविका के बेहतर साधनों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा।
वीरवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल ने किया। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में स्वयं सहायता समूह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आय बढ़ाने के साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लखपति दीदी अभियान भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण में दी गई जानकारी का लाभ उठाने और सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों और योजनाओं का सही तरीके से उपयोग कर महिलाएं अपने लिए रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकती हैं।
एनआरएलएम के ब्लॉक मिशन मैनेजर संजय शर्मा ने प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को लखपति दीदी की अवधारणा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका संवर्धन, आय बढ़ाने के विभिन्न साधनों तथा सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सहायता और योजनाओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार की संभावनाओं, समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रोशन लाल, एबीडीओ दिग्विजय सिंह, एडीओ पंचायत केआर रतूड़ी, एरिया कोऑर्डिनेटर मनीष राणा, किरण बिष्ट सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।
