जिला सूचना कार्यालय में दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि

वरिष्ठ पत्रकार दिलवर बिष्ट के निधन पर शोक

रुद्रप्रयाग। वरिष्ठ पत्रकार दिलवर सिंह बिष्ट के सोमवार देर रात हृदयाघात से हुए आकस्मिक निधन पर जिला सूचना कार्यालय में शोक सभा आयोजित की गई। उनके निधन से पत्रकारिता जगत के साथ ही क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा समेत कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा ने कहा कि दिलवर बिष्ट का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सहज और सरल व्यवहार, कर्मठता तथा जनसरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के माध्यम से क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक सक्रिय और समर्पित पत्रकार खो दिया है।

दिलवर सिंह बिष्ट ने वर्ष 2006-07 में पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा था। करीब दो दशक के अपने पत्रकारिता जीवन में उन्होंने दैनिक जागरण, शाह टाइम्स, दैनिक हॉक और लोक सत्य सहित विभिन्न समाचार पत्रों में सेवाएं दीं। इसके अलावा वे अनादि टीवी न्यूज चैनल से भी जुड़े रहे। वे अंतिम समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहे।

शोक सभा में जिला सूचना कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ही पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने दिवंगत दिलवर बिष्ट के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

!-- Google tag (gtag.js) -->