जिला सहकारी बैंक का बोर्ड निर्विरोध चुना गया
नई टिहरी। टिहरी गढ़वाल जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) का बोर्ड निर्विरोध चुन लिया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुभाष चंद रमोला लगातार दूसरी बार जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि विनोद रावत ने भी लगातार दूसरी बार उपाध्यक्ष पद संभाला। सभी निदेशकों के निर्विरोध चुने जाने के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन भी निर्विरोध होना तय माना जा रहा था।
मंगलवार को सुभाष चंद रमोला ने अध्यक्ष और विनोद रावत ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन होने के चलते चुनाव अधिकारी एसएस कैंतुरा ने दोनों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। जौनसारी बैंड और ढोल-दमाऊ की थाप पर कार्यकर्ताओं ने तांदी नृत्य किया। इसके बाद डीसीबी मुख्यालय से भाजपा कार्यालय तक विजयी जुलूस निकाला गया।
करीब तीन वर्ष के अंतराल के बाद जिला सहकारी बैंक के चुनाव संपन्न हुए हैं। इससे पहले भाजपा समर्थित विनोद रावत, जयवीर सिंह मियां, जयवीर बिष्ट, सुनील सिंह, सूरज सिंह, सुभाष चंद रमोला, जयप्रकाश चंद, वरुण पाल सिंह, रोशनी देवी, पूनम देवी, कृष्णा देवी, अनीता देवी और लता देवी को निर्विरोध निदेशक चुना गया था। ऐसे में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भी निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति पहले से स्पष्ट थी।
भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने कहा कि पंचायत और निकाय चुनाव के बाद सहकारिता क्षेत्र में भी भाजपा ने अपना परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 में प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुभाष चंद रमोला ने कहा कि टिहरी जिला सहकारी बैंक को प्रदेश के शीर्ष बैंकों में शामिल करना, बैंक का लाभांश बढ़ाना और सहकारिता योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों के सहयोग से विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। रमोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत और भाजपा प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर धनोल्टी विधायक प्रीतम पंवार, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह, टिहरी के पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी, प्रतापनगर के पूर्व विधायक विजय सिंह पंवार, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, एससी आयोग की सदस्य सुनीता देवी, महिला जिलाध्यक्ष इंदू डंगवाल, देवप्रयाग के प्रमुख विनोद बिष्ट समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
