रेलवे भूमि प्रकरण: सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले पुलिस अलर्ट
हल्द्वानी। रेलवे भूमि अतिक्रमण प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस बल को ब्रीफ कर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोका जा सके।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। वहीं, किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल, बम निरोधक दस्ता और एंटी-रायट टीमों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखा गया है। अतिरिक्त पुलिस बल और अन्य संसाधनों को भी रिजर्व में रखा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के उद्देश्य से पत्थर, ईंट, मलबा, हथियार अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री एकत्र करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से न्यायालय की कार्यवाही और निर्णय का सम्मान करने तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने और उसकी पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया पर साझा न करने की भी अपील की है।
