कालसी-चकराता मार्ग के जजरेड स्लीप जोन का होगा स्थायी समाधान, 48.88 करोड़ की डीपीआर पर जल्द कार्रवाई के संकेत

विकासनगर।

कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर वर्षों से हादसों और बार-बार होने वाले भूस्खलन के कारण परेशानी का सबब बने जजरेड स्लीप जोन के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। शुक्रवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम शरण नौटियाल ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव पंकज कुमार पाण्डे से मुलाकात कर टीएचडीसी द्वारा तैयार 48.88 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) सौंपते हुए परियोजना के लिए शीघ्र वित्तीय स्वीकृति और धनराशि जारी करने की मांग की।

बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ने इस परियोजना को शीर्ष प्राथमिकता का विषय बताते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जजरेड स्लीप जोन में लगातार होने वाले भूस्खलन के कारण सड़क बार-बार बाधित होती है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के माध्यम से वित्तीय व्यवस्था कर जल्द कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राम शरण नौटियाल ने प्रमुख सचिव के सकारात्मक रुख का स्वागत करते हुए कहा कि जजरेड स्लीप जोन का स्थायी उपचार होने से कालसी-चकराता मोटर मार्ग अधिक सुरक्षित और सुगम बनेगा। इससे न केवल क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार और विभाग अपनी इस प्राथमिकता को धरातल पर उतारते हुए परियोजना पर कार्य कब शुरू करते हैं। जजरेड स्लीप जोन का स्थायी समाधान लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रहा है।

!-- Google tag (gtag.js) -->