हरबर्टपुर में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ, अब घर के पास मिलेंगी आधार संबंधी सभी सेवाएं : विधायक मुन्ना सिंह चौहान

विकासनगर। हरबर्टपुर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हरबर्टपुर स्थित किसान सेवा सहकारी समिति परिसर में नए आधार सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। केंद्र के शुरू होने से अब क्षेत्रवासियों को आधार कार्ड बनवाने, उसमें संशोधन कराने तथा अन्य आधार संबंधी सेवाओं के लिए विकासनगर या दूर-दराज के सीएससी केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उद्घाटन समारोह में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सरदार जसविन्दर सिंह बिट्टू, नगर पालिका हरबर्टपुर के सभासद, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि हरबर्टपुर क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि यहां आधार सेवा केंद्र स्थापित किया जाए। जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किसान सेवा सहकारी समिति परिसर में यह केंद्र शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को आधार कार्ड से जुड़े सभी कार्य स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगे, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि केंद्र का स्थान इस प्रकार चुना गया है, जहां आने वाले लोगों को बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और वाहन पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इससे नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही, सरकारी सेवाओं तक लोगों की पहुंच और अधिक सरल एवं सुगम बनेगी।

स्थानीय ग्रामीण महिलाओं बबली, सविता देवी, मंजू और राखी ने आधार सेवा केंद्र खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पहले आधार से जुड़े कार्यों के लिए दूसरे शहर जाना पड़ता था, जहां घंटों लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। अब हरबर्टपुर में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया और उम्मीद जताई कि इस केंद्र से हरबर्टपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रशांत जैन, मुस्तकीम, ढालीपुर प्रधान खालिद, एडवोकेट जितेन्द्र कुमार (उपाध्यक्ष), चौधरी दिलीप सिंह, सौरभ गुप्ता, सभासद विनोद कश्यप, नेहा, राहुल शर्मा, अखिल गोयल, चंचल, नरेन्द्र तोमर, आशा चौहान, देवेन्द्र चावला, ऋषभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->