सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में जनप्रतिनिधियों ने किया वृक्षारोपण

नई टिहरी। सेवा संकल्प फाउंडेशन के तत्वावधान में विकासखंड जाखणीधार के गेंवली देवल स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय एवं ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल ने दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ किया। इसके बाद अतिथियों और ग्रामीणों ने फलदार, छायादार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे रोपे। इस अवसर पर ग्रामीणों को 200 कागजी नींबू, 100 माल्टा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण भी किया गया।

इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी और सबसे पवित्र कार्यों में से एक है। उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती गीता धामी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था प्रदेशभर में स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बरसात के बाद टिहरी क्षेत्र में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव की भौगोलिक परिस्थितियों और वहां की फल उत्पादन क्षमता के अनुरूप विकास की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। ऐसे फलदार एवं उपयोगी पौधों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिनसे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका भी मजबूत हो और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हों।

ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल ने भी पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को समय की आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से वृक्षारोपण अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

सेवा संकल्प फाउंडेशन के प्रतिनिधि पवन ने बताया कि संस्था का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा और जनजागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि संस्थापक अध्यक्ष श्रीमती गीता धामी का संकल्प है कि वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन बनाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाए।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान गेंवली दीपा देवी, ग्राम प्रधान नवाकोट रामदयाल रतूड़ी, ग्राम प्रधान कोटी कर्ण सिंह, बीडीसी सदस्य शीशपाल पंवार, वीर सिंह, त्रिलोक सिंह, मंजू देवी, रणजीत भंडारी, राहुल सेमवाल, मंडल अध्यक्ष संदीप सिंह, मंडल महामंत्री राजेंद्र थपलियाल, शिव शक्ति महिला समूह, गौरा शक्ति स्वयं सहायता समूह, वीर देवता स्वयं सहायता समूह, राम-सीता स्वयं सहायता समूह, राधा-श्याम स्वयं सहायता समूह की सदस्याओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->