बेरीनाग।
बेरीनाग में व्यापार संघ एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले छह दिनों से चल रहा क्रमिक अनशन शनिवार को विधायक फकीर राम टम्टा के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समयसीमा में कार्य शुरू नहीं हुए तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।
व्यापार संघ और स्थानीय संगठनों की प्रमुख मांगों में बेरीनाग महाविद्यालय की जर्जर सड़क का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेरीनाग को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा दिलाना तथा महाविद्यालय के खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करना शामिल था।
आंदोलन स्थल पर पहुंचे विधायक फकीर राम टम्टा ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा से दूरभाष पर बातचीत कर व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत की भी मंत्री से बात कराई। मंत्री की ओर से एक माह के भीतर महाविद्यालय सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया।
विधायक फकीर राम टम्टा ने बताया कि महाविद्यालय सड़क का निर्माण कार्य अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से शुरू कराया जाएगा। वहीं, सीएचसी बेरीनाग को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा दिलाने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अस्पताल में एक सफाई कर्मी की नियुक्ति तथा अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने का कार्य दिसंबर माह से शुरू करने की योजना है।
विधायक द्वारा सभी मांगों पर लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलनकारियों ने क्रमिक अनशन समाप्त करने की घोषणा की। आंदोलन के छठे दिन भगत सिंह महरा, गणेश रावत, राधिका देवी, शोभा बिष्ट, हेमा देवी, लीला मेहरा, राजेश रावत और रुद्र गिरी क्रमिक अनशन पर बैठे।
व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत ने कहा कि लिखित आश्वासन का स्वागत किया गया है, लेकिन यदि निर्धारित समय के भीतर कार्य शुरू नहीं किए गए तो क्षेत्रवासी फिर से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर व्यापार संघ उपाध्यक्ष कमल खाती, जिला पंचायत सदस्य ललित कार्की, भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोक खाती, जिला मंत्री इंद्र धानिक, गणेश उपाध्याय, गंगा सिंह सामंत, मनीष पंत, नीरज शाह, दीपक कालाकोटी, पूर्व सभासद बलवंत धानिक, कांग्रेस नगर अध्यक्ष आशा भौंसोड़ा, पदमा धामी, यति रौतेला, धना डांगी, देवेंद्र कार्की, एल.एस. डांगी, धीरज रौतेला, राहुल डांगी, संजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
