गुलाबराय में कई स्थानों पर पुस्ता क्षतिग्रस्त, लगातार बारिश से बढ़ी लोगों की चिंता; रेलवे अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग

रुद्रप्रयाग। नगर के गुलाबराय क्षेत्र में रेलवे सड़क के किनारे बने पुस्ते (रिटेनिंग वॉल) में गहरी दरारें पड़ने और कई स्थानों पर दीवार क्षतिग्रस्त होने से नीचे स्थित आवासीय भवनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश के बीच स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार पुस्ते में कई जगह चौड़ी दरारें साफ दिखाई दे रही हैं, जबकि कुछ हिस्सों में दीवार टूटने से इसकी मजबूती प्रभावित हुई है। पुस्ते के ठीक नीचे कई परिवारों के मकान बने हुए हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने गुलाबराय स्थित रेलवे कार्यालय में मौखिक रूप से शिकायत दर्ज कराकर स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया है। उनका कहना है कि यदि पुस्ते के क्षतिग्रस्त होने से भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

समय रहते मरम्मत की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण पुस्ते की दरारें और चौड़ी हो सकती हैं, जिससे खतरा कई गुना बढ़ जाएगा। उन्होंने रेलवे परियोजना के अधिकारियों और जिला प्रशासन से शीघ्र मौके का निरीक्षण कर पुस्ते की तकनीकी जांच कराने, क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने तथा नीचे बने आवासीय भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि किसी संभावित दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को एहतियाती कदम उठाकर समय रहते समस्या का समाधान करना चाहिए।

!-- Google tag (gtag.js) -->