कर्णप्रयाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रव्यापी नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
वर्चुअल एवं ऑनलाइन माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह, नशा मुक्ति समिति एवं एनसीसी समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका पर बल दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम अवतार सिंह ने छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाना केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त समाज और स्वस्थ भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
