गंगोत्री विधायक ने मुख्यमंत्री धामी के समक्ष रखीं उत्तरकाशी से जुड़ी तीन अहम मांगें, सऊदी में सात वर्षों से फंसे इन्द्रमणि की स्वदेश वापसी का मुद्दा भी उठाया

उत्तरकाशी/देहरादून,  गंगोत्री विधानसभा के विधायक सुरेश सिंह चौहान ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उत्तरकाशी जनपद से जुड़े तीन महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

सात वर्षों से सऊदी में फंसे इन्द्रमणि की सुरक्षित वापसी की मांग

विधायक सुरेश सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के समक्ष उत्तरकाशी निवासी इन्द्रमणि नौटियाल का मामला रखते हुए कहा कि वह पिछले सात वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। उनका परिवार वर्षों से अपने बेटे की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे उत्तरकाशी की संवेदनाओं से जुड़ा मानवीय विषय है। विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि केंद्र सरकार एवं विदेश मंत्रालय से समन्वय स्थापित कर इन्द्रमणि की शीघ्र और सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराई जाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संवेदनशील मामले पर गंभीरता दिखाते हुए आवश्यक पहल का भरोसा दिया।

धौंतरी PHC को CHC में उच्चीकृत करने की मांग

क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विधायक ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) धौंतरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उच्चीकृत करने की मांग भी रखी।

उन्होंने कहा कि धौंतरी एवं आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव है। यदि PHC को CHC का दर्जा मिलता है तो हजारों ग्रामीणों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा और आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उत्तरकाशी-घनसाली-केदारनाथ मार्ग को ऑल वेदर रोड परियोजना में शामिल करने का आग्रह

विधायक ने मुख्यमंत्री से उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा-केदारनाथ मोटर मार्ग को केंद्र सरकार की ऑल वेदर रोड परियोजना में शामिल करने का अनुरोध भी किया।

उन्होंने कहा कि इस मार्ग के ऑल वेदर बनने से चारधाम यात्रा, पर्यटन और आपदा प्रबंधन को नई मजबूती मिलेगी। वर्षभर सुरक्षित आवागमन संभव होगा, जिससे सीमांत क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी तथा पलायन रोकने में भी सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक द्वारा उठाए गए तीनों मुद्दों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि ये तीनों मांगें सीधे तौर पर मानव जीवन, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क संपर्क जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी हैं। सऊदी में फंसे उत्तरकाशी के युवक की स्वदेश वापसी, धौंतरी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थापना और महत्वपूर्ण सड़क मार्ग के विकास से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर जलकुर वैली क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। विधायक की पहल से क्षेत्रवासियों में सकारात्मक संदेश और उत्साह का माहौल है।

!-- Google tag (gtag.js) -->