पिथौरागढ़। युवा बाल साहित्यकार एवं राष्ट्रीय उद्घोषक इंजी. ललित शौर्य की 19वीं पुस्तक ‘धरती के मेहमान’ का विमोचन विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पर आयोजित एक सादे समारोह में किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने कहा कि बाल साहित्य बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में बच्चों को स्कूली पाठ्यक्रम के साथ-साथ बाल कहानियों, कॉमिक्स और प्रेरक साहित्य का भी अध्ययन करना चाहिए, क्योंकि पढ़ी हुई बातें जीवनभर स्मृति में बनी रहती हैं। उन्होंने युवा साहित्यकार ललित शौर्य के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उनके ‘मोबाइल नहीं, पुस्तक दें’ अभियान को भी समय की आवश्यकता बताया।
लेखक इंजी. ललित शौर्य ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि ‘धरती के मेहमान’ पुस्तक परग्रही (एलियंस) विषय पर आधारित कल्पनात्मक बाल कथाओं का संग्रह है। उन्होंने कहा कि एलियंस बच्चों की जिज्ञासा का प्रिय विषय हैं और यह पुस्तक उनकी कल्पनाशीलता तथा विचार शक्ति को नई दिशा देने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि आज की कल्पनाएँ ही भविष्य के विज्ञान की नींव बनती हैं। उनका उद्देश्य ‘मोबाइल नहीं, पुस्तक दें’ अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण बाल साहित्य पहुँचाना है।
कार्यक्रम में हिमालयन हेरिटेज सोसायटी के निदेशक रजनीश कौंसवाल, समाजसेवी विनोद खंडूरी तथा यमन डबराल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
