पुरोला। विकासखंड मोरी के सुदूरवर्ती ढाटमीर गांव में सोमेश्वर महादेव चौक पर आयोजित ग्राम सभा की बैठक में गांव को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। बैठक में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि गांव में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन, खरीद-बिक्री और सार्वजनिक रूप से नशे से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्राम सभा के निर्णय के अनुसार शराब, अफीम, स्मैक, चरस, गांजा, नशीली गोलियों सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री और खरीद पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर ताश खेलने पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि नशे की हालत में सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, झगड़ा करने या अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्राम सभा के नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन एवं पुलिस की भी सहायता ली जाएगी।
ग्रामवासियों ने “हमारी मुहिम – सिर्फ नशे के खिलाफ” और “नशा छोड़ें, परिवार जोड़ें” जैसे संदेशों के साथ जनजागरूकता अभियान चलाने का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजपाल रावत ने कहा कि नशामुक्त समाज से ही स्वस्थ युवा, सुरक्षित परिवार और समृद्ध गांव का निर्माण संभव है। उन्होंने ग्रामवासियों के इस सामूहिक निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि नशामुक्त ढाटमीर की यह पहल पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
बैठक में पूर्व प्रधान ठाकुर सिंह, बरु सिंह, शीशपाल रावत, सियाणा, राजिनंद, राय सिंह, हरि सिंह प्रधान, लाली देवी, जगूड़ी देवी, ज्यादी देवी, रामू लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
