सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने किया पौधरोपण
विकासनगर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तराखंड की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘25 वर्ष जनसेवा से राष्ट्रसेवा की ओर’ कार्यक्रम और 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को रुद्रपुर ग्राम पंचायत स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेंगवाला में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश मीडिया संयोजक एवं टिहरी गढ़वाल के जिला प्रभारी सरदार सुरेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम के दौरान रुद्रपुर ग्राम पंचायत में पौधरोपण अभियान की शुरुआत की गई। कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सरदार सुरेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और देशसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के साथ ही समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियां आयोजित किए जाने की बात भी कही गई।
कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मेहमूद खान, जिला महामंत्री गुलशेर अली, दीपक रावत, शमशेर गुर्जर, इब्राहिम, अब्दुल कादिर, मनीष, गनी, जावेद, गुलाम अली और हाशिम सहित जिला कार्यकारिणी सदस्य राबिया, मरियम बीबी, हुसेन बीबी, जैनब बीबी बानो तथा वन गुर्जर समाज के कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
