नई टिहरी। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 80 शिकायतों एवं मांगपत्रों पर सुनवाई की गई। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की समीक्षा प्रस्तुत की। इस पर आयुक्त ने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक शिकायतकर्ता से स्वयं दूरभाष पर बात कर शिकायत की स्थिति जानी और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय से संबंधित शिकायतों की संख्या अधिक होने पर आयुक्त ने विश्वविद्यालय प्रशासन को एक सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर जारी करने तथा प्राप्त शिकायतों का विश्लेषण कर उनके स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि कई लोग पूर्व में दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई न होने के कारण दोबारा जनता मिलन में पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक शिकायतें लोक निर्माण विभाग, बीआरओ, मुआवजा, प्रतिकर और सड़क निर्माण से संबंधित प्राप्त हुईं। जिन मामलों में जांच आवश्यक है, उनका एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कर शिकायतकर्ताओं को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में पुनर्वास, आपदा मुआवजा, क्षतिग्रस्त आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, संचार, राशन, आर्थिक सहायता, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विवाह अनुदान समेत विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर भी सुनवाई हुई। आयुक्त ने सड़क कटान से प्रभावित लोगों के मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा मानसून के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन में जिला पंचायत सदस्य विजयपाल सिंह रावत ने जाखणीधार क्षेत्र में बैंक शाखा खोलने, सड़क निर्माण, मुआवजा, खेल मैदान के विस्तार सहित विभिन्न मांगें उठाईं। वहीं प्रतापनगर निवासी अमित सिंह ने अपनी आभूषण की दुकान में हुई चोरी का सामान बरामद न होने की शिकायत की, जिस पर आयुक्त ने मामले को आईजी गढ़वाल के संज्ञान में लाने की बात कही।
इसके अलावा घनसाली, धनोल्टी, चंबा, टिहरी और अन्य क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। श्रम विभाग को पात्र लाभार्थियों को विवाह अनुदान उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के पंजीकरण एवं नवीनीकरण के लिए न्याय पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
अंत में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, डीएफओ पुनीत तोमर, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
