बेरीनाग। चौकोड़ी स्थित केएमएसबी हिमालया इंटर कॉलेज के दो प्रतिभावान छात्रों हिमांशु कुमार और निधि जोशी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-2026 में सफलता हासिल कर विद्यालय, अपने माता-पिता और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों छात्रों ने डॉक्टर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
पहाड़ के बच्चे अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर लगातार सफलता के नए मुकाम हासिल कर रहे हैं। हिमांशु और निधि की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी है।
निधि जोशी के पिता नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वहीं, हिमांशु कुमार के पिता स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को दिया। जीव विज्ञान शिक्षक ध्रुव पंत को छात्रों ने विशेष रूप से सफलता का श्रेय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक चंद्र सिंह कार्की, प्रधानाचार्या देवबाला बिष्ट, प्रबंधक प्रकाश कार्की, उप प्रधानाचार्य बीएस पपोला, खंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कुमार, शिक्षक ध्रुव पंत, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण कार्की और पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी पीआर कोहली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
—
प्रधान संगठन की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर कल से धरना-प्रदर्शन
मुख्यमंत्री को तहसीलदार के माध्यम से भेजा ज्ञापन, मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगें उठाईं
बेरीनाग। ग्राम प्रधान संगठन बेरीनाग ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। संगठन ने मांगों के समाधान के लिए कल से धरना-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की है।
ज्ञापन में ग्राम प्रधानों का न्यूनतम मानदेय बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने तथा ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों को प्रत्येक खुली बैठक में प्रतिभाग करने पर मानदेय देने की मांग की गई है।
संगठन ने जीराम योजना में श्रमिकों की उपस्थिति पूरी तरह ऑफलाइन किए जाने की मांग भी उठाई। प्रधानों का कहना है कि उत्तराखंड पर्वतीय राज्य है और कई ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी बेहतर नहीं होने के कारण श्रमिकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना मुश्किल है। ऑफलाइन उपस्थिति की व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ने के साथ पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
इसके अलावा संगठन ने अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 600 रुपये प्रतिदिन और कुशल श्रमिकों की मजदूरी 800 रुपये प्रतिदिन किए जाने की मांग की है।
ग्राम पंचायतों को मिलने वाली राज्य वित्त और केंद्रीय वित्त की धनराशि को जनसंख्या तथा भौगोलिक क्षेत्रफल के आधार पर बढ़ाने की मांग भी की गई है, ताकि गांवों में विकास कार्यों को गति मिल सके। जिला योजना के तहत स्वीकृत होने वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों को ग्राम पंचायतों की खुली बैठक में अनिवार्य रूप से पारित कराने तथा जिला योजना की बैठक में ग्राम प्रधान संगठन को नामित सदस्य के रूप में आमंत्रित करने की मांग रखी गई है।
प्रधान संगठन ने पंचायतीराज एक्ट में वर्णित सभी 29 विभागों को जल्द ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने तथा विधायक और सांसद निधि की तर्ज पर बजट में ग्राम प्रधान निधि की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई।
ज्ञापन में ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष दीपक उप्रेती, ग्राम प्रधान दीप पंत, निशा धारियाल, रेखा देवी, पंकज भंडारी और भूपाल राम सहित अन्य ग्राम प्रधानों के हस्ताक्षर हैं।
