नई टिहरी।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के कार्यों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी एवं देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने परियोजना अधिकारियों से डंपिंग यार्ड, मलेथा एवं नैथाणा के भूमि मुआवजा मामलों, नैथाणा मोटर मार्ग, तथा मलेथा रेलवे स्टेशन पर वीर शिरोमणि माधौ सिंह भंडारी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने और उनके जीवन वृतांत के प्रदर्शन से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने मलेथा और नैथाणा के लंबित भूमि मुआवजा प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए उप जिलाधिकारी कीर्तिनगर को निर्देशित किया कि गठित समिति के साथ मामलों का पुनः पारदर्शिता के साथ सत्यापन कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रभावितों को समयबद्ध तरीके से मुआवजा राशि वितरित की जा सके।
बैठक में नैथाणा सड़क मार्ग के निर्माण में तकनीकी कारणों से कार्य प्रारंभ न होने पर भी चर्चा की गई। इस पर वैकल्पिक रूप से आरडब्ल्यूडी घनसाली को कार्यदायी संस्था बनाए जाने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके अलावा परियोजना क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था, धूल नियंत्रण हेतु नियमित पानी का छिड़काव, नैथाणा क्षेत्र में पुलों का निर्माण, रानीहार-देवली में लाइट व्यवस्था, तथा निर्माण सामग्री के उचित रखरखाव जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी गहन चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित कंपनियों और अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए, साथ ही आमजन की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, कीर्तिनगर ब्लॉक प्रमुख अचला खंडेलवाल, आरबीएनएल के प्रोजेक्ट मैनेजर डीएन कुमार, डीजीएम भूपेंद्र सिंह, निदेशक जीवीके सन्तोष रेड्डी, जीएमएचआर अरुण कुमार सिंह, तहसीलदार मोहम्मद सादब सहित संबंधित जनप्रतिनिधि और निर्माणदायी कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
