उत्तरकाशी,
अवैध नशे के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में एसओजी और धरासू पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 400 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली धरासू एवं एसओजी उत्तरकाशी की टीम ने ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन’ और ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत सोमवार देर रात चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ब्रह्मखाल स्थित सुलभ शौचालय के पास से सुनील शाह (30 वर्ष), निवासी धरासू, को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 400 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80,000 रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक धरासू मनोज असवाल और एसओजी प्रभारी निखिल देव चौधरी के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली धरासू में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में 25 मार्च 2026 को थाना मोरी पुलिस द्वारा नशे के कारोबार में शामिल चार तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस लगातार ऐसे माफियाओं को चिन्हित कर रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गिरफ्तार अभियुक्त:
सुनील शाह पुत्र इलम लाल, निवासी धरासू, उत्तरकाशी (उम्र 30 वर्ष)
बरामदगी:
400 ग्राम चरस (अनुमानित कीमत: ₹80,000)
पुलिस टीम:
उप निरीक्षक शंकर सिंह
हेड कांस्टेबल कुशाल सिंह
हेड कांस्टेबल सुरेश सिंह
हेड कांस्टेबल प्रदीप रौथाण
एसओजी टीम
