विश्व पर्यावरण दिवस पर टोंस वन प्रभाग में व्यापक वृक्षारोपण अभियान
पुरोला। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर टोंस वन प्रभाग के अंतर्गत पुरोला, जरमोला, सिकतूर, ठडियार एवं आराकोट रेंजों में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वन अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख निशीता शाह ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
टोंस वन प्रभाग की रेंज अधिकारी अमिता चौहान थपलियाल ने बताया कि विभाग द्वारा वन क्षेत्रों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर भी पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से पौधों के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के महत्व तथा स्वच्छ एवं हरित भविष्य के निर्माण पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख निशीता शाह, समाजसेवी मोहित शाह, नितिन, अनिल, मनोज, संगीता सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
