मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पुस्तकालय एवं खेल सुविधाओं का किया निरीक्षण

 

 

नई टिहरी। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को जनपद मुख्यालय के बौराड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र ढुंगीधार, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय तथा बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना, शैक्षणिक गुणवत्ता तथा मूलभूत सुविधाओं के सतत अनुश्रवण पर जोर देते हुए समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुधार करने को कहा। वहीं श्रीदेव सुमन पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, अभिलेखों और दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण एवं अध्ययन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित खेल सुविधाओं के निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर बल दिया।

आंगनबाड़ी केंद्र ढुंगीधार के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने बच्चों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री तथा उन्हें प्रदान किए जा रहे पोषण आहार की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित कीं और बच्चों का वजन भी मापा। उन्होंने एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों तथा बच्चों के घरों तक पहुंचकर स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण सुनिश्चित करें।

इसके बाद उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर मध्यान्ह भोजन योजना, बच्चों के लिए उपलब्ध फर्नीचर, उपस्थिति पंजिका एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। विद्यालय के शिक्षकों द्वारा दी गई जानकारी पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की।

मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय का भी भ्रमण किया और पुस्तकालय की व्यवस्थाओं, पुस्तकों के रखरखाव, अभिलेखों तथा दुर्लभ एवं प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्हें बताया गया कि पुस्तकालय को पुरानी टिहरी से विस्थापित कर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है। यहां राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक की समृद्ध पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध है, जिससे शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।

इसके पश्चात उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा (Jacaranda) के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->