एसआईआर अभियान: पुरोला में नाम शुद्धिकरण शिविर आयोजित, मतदाता सूची सुधार के लिए लोगों ने दिए आवेदन

पुरोला। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मंगलवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पुरोला में नाम शुद्धिकरण एवं मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने पहुंचकर अपने नाम, पता, आयु सहित अन्य प्रविष्टियों का सत्यापन कराया और आवश्यक दस्तावेजों के साथ संशोधन के लिए आवेदन जमा किए।

शिविर में निर्वाचन विभाग के अधिकारियों एवं बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदाताओं को मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन जानकारी दर्ज कराने के महत्व से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरणों में त्रुटियां हैं, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर समय सीमा के भीतर उनका संशोधन करा सकते हैं।

निर्वाचन विभाग के अनुसार अब तक नाम, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटियों के संबंध में करीब चार हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इन मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मतदाता इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर मतदाताओं से अपील की गई कि वे अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना सुनिश्चित करें तथा सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर तत्काल उसका संशोधन कराएं, जिससे भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उपजिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी मुकेश रमोला ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, वे निर्धारित समयावधि के भीतर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर अपनी प्रविष्टियों का संशोधन अवश्य कराएं। लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन लगातार विशेष शिविर आयोजित कर रहा है।

तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कमल सिंह राठौर ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। उन्होंने बताया कि नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर मतदाता निर्धारित प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। भविष्य में भी विभिन्न स्थानों पर ऐसे शिविर आयोजित कर सभी पात्र मतदाताओं को यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

!-- Google tag (gtag.js) -->