नई टिहरी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की प्रगति को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण, दावे-आपत्तियों के निस्तारण और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रपत्रों का शीघ्र सत्यापन कर दावे एवं आपत्तियों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे तथा एसआईआर अभियान के तहत अपने-अपने दलों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।
छह विधानसभा क्षेत्रों में चल रहा पुनरीक्षण कार्य
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों—घनसाली, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, टिहरी और धनोल्टी—में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार संचालित किया जा रहा है। प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के बाद अब दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जनपद में कुल 994 मतदान केंद्र तथा 4,63,628 प्रारूप मतदाता हैं। पुनरीक्षण के दौरान प्रारूप नामावली से 43,625 मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि बीएलओ द्वारा 1,17,501 नोटिस जारी किए गए। इनमें से 92,473 नोटिस (करीब 79 प्रतिशत) संबंधित मतदाताओं तक वितरित किए जा चुके हैं।
72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात
दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए जनपद में 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की तैनाती की गई है। चार विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई 3 अगस्त से तथा शेष दो विधानसभा क्षेत्रों में 4 अगस्त से प्रारंभ हो चुकी है।
बैठक में बताया गया कि एसआईआर कार्यक्रम में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनी रहे।
अब तक प्राप्त हुए इतने आवेदन
14 मई से अब तक जनपद में फॉर्म-6 के 3,085, फॉर्म-6ए के 3, फॉर्म-7 के 50 तथा फॉर्म-8 के 1,462 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि यदि उनके नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है या उन्हें कोई दावा अथवा आपत्ति दर्ज करानी है, तो वे निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर समय पर उसका निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सुशील पाण्डेय, मुरारी लाल खंडवाल, गबर सिंह, जयेन्द्र पंवार और राजेन्द्र डोभाल उपस्थित रहे।
