आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष ने जल निकासी और सड़क मरम्मत की मांग उठाई
सितारगंज। क्षेत्र में जलभराव, जर्जर सड़कों और खराब आवागमन व्यवस्था की समस्या को लेकर आजाद समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष सतेन्द्र कुमार ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, गली-मोहल्लों और ग्रामीण इलाकों के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर बारिश के कारण जलभराव की स्थिति सामने आई है। सड़कों और गलियों में पानी जमा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के अनुसार, कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों और कीचड़ से खराब हो चुकी हैं। जलभराव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। स्कूली बच्चों को भी आवाजाही में परेशानी होने की बात कही गई है। वहीं, लंबे समय तक पानी जमा रहने से जहरीले कीड़े-मकोड़ों और सांपों का खतरा भी बना हुआ है।
सतेन्द्र कुमार ने प्रशासन से जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने और पानी की निकासी के लिए पंप आदि की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही, गड्ढों में रोड़ी व मलबा डालकर फिलहाल आवागमन सुचारु कराने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि बरसात के बाद संबंधित विभागों के माध्यम से जर्जर सड़कों की स्थायी मरम्मत और पक्के निर्माण की कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जलभराव और सड़कों की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में राहत मिल सके।
