विकासनगर। समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा एवं गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), ढकरानी में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना तथा समय रहते रोगों की पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित करना था।
शिविर में लोगों का उत्साहजनक सहयोग देखने को मिला। 160 से अधिक विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, त्वचा रोग, कान-नाक-गला (ईएनटी), नेत्र, महिला स्वास्थ्य तथा बाल स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण एवं परामर्श दिया गया। आवश्यकता वाले मरीजों को आगे की जांच एवं उपचार के लिए डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा रेफर किया गया।
इस दौरान जनरल मेडिसिन, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, त्वचा रोग, ईएनटी तथा नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि अधिकांश बीमारियों की समय पर पहचान होने पर उनका सफल उपचार संभव है, इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है।
शिविर में डॉ. वी.डी. सेमवाल (जनरल फिजिशियन), डॉ. अमृत राज (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. शाहरुख अख्तर (त्वचा रोग विशेषज्ञ), डॉ. समृद्धि शर्मा (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. ईशान चौधरी (ईएनटी विशेषज्ञ), ऑप्टोमेट्रिस्ट पंकज, नर्सिंग ऑफिसर माजिद अली, फार्मासिस्ट ममता, मार्केटिंग टीम से अंशुल धीमान एवं गोल्डी ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर के सफल संचालन में जमाल मिर्जा और सन्नी धीमान ने कैम्प इंचार्ज के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर के दौरान डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर, हेड-मार्केटिंग एवं पब्लिसिटी डिवीजन, ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं मेडिकल टीम से शिविर की जानकारी ली और लाभार्थियों से संवाद कर उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि सुभारती हॉस्पिटल का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज में रोकथाम आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना भी है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
शिविर में पहुंचे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और सुभारती हॉस्पिटल की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
कार्यक्रम के समापन पर एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सुभारती हॉस्पिटल की पूरी चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अत्यंत सराहनीय पहल है और भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन किया जाना चाहिए।
