जनता को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न व्यक्तिगत और जनसामान्य से जुड़ी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक जन शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही, शिकायतकर्ता को उसकी समस्या के समाधान की प्रगति के बारे में भी समय-समय पर अवगत कराया जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायत के निस्तारण के लिए बार-बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक मानी जाएगी, जब आम नागरिकों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी से बचने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करना है, जिसमें जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान न होना पड़े और प्रशासनिक स्तर पर ही उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई करें।
