गुरु जीवन को सही दिशा दिखाते हैं, संस्कारवान समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव : जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल

नई टिहरी। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित अखिल विश्व गायत्री परिवार शक्तिपीठ में भव्य गुरुपूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रतिभाग किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से गुरुपूर्णिमा का शुभकामना संदेश संतजनों को सौंपते हुए देवभूमि उत्तराखंड के जैविक उत्पाद भी भेंट किए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से जिलाधिकारी को अंगवस्त्र एवं धार्मिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।

गायत्री भवन स्थित साधना केंद्र में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी संतों, श्रद्धालुओं एवं गायत्री परिवार के सदस्यों को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा दिखाने का कार्य भी करते हैं। गुरु हमें सत्य, ईमानदारी, अनुशासन और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु कोई भी हो सकता है, लेकिन जिसे गुरु का स्थान प्राप्त है, उसे अपने आचरण और व्यवहार से समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति का चरित्र श्रेष्ठ होगा तो परिवार मजबूत बनेगा और अच्छे परिवार मिलकर एक सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करेंगे। व्यक्ति की सोच और उसका व्यक्तित्व उसके आसपास के वातावरण से भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि टिहरी के लोगों की सकारात्मक सोच इस जनपद की विशेष पहचान है और यही सकारात्मकता समाज को आगे बढ़ाने की शक्ति देती है।

जिलाधिकारी ने कहा कि गायत्री परिवार समाज में संस्कार, एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी से ऐसा सामाजिक वातावरण तैयार करने का आह्वान किया, जिससे बच्चों और नई पीढ़ी को उत्तम संस्कार प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि समाज का वातावरण ही आने वाली पीढ़ी के व्यक्तित्व और भविष्य का आधार बनता है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से गुरुजनों का सम्मान करने, उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत, विजय जड़धारी, सुशील बहुगुणा, शांतिकुंज से बी.पी. बधानी, देवी सिंह पंवार, कुंवर सिंह राणा, कृष्ण भूषण पेटवाल सहित अनेक संतजन, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

!-- Google tag (gtag.js) -->