सुल्तान अंसारी, टनकपुर।
स्व. कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
बताया गया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को कुल 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष तथा मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति और खेल उपकरणों के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। इससे युवा खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर पर ही खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिल रही है।
इसके अलावा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा स्थानीय एवं पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल विकास निधि का गठन किया गया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवायोजन की व्यवस्था भी लागू की गई है। इसके तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आवश्यक सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
