नई टिहरी। लखवाड़ बांध एवं सॉन्ग बांध परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर वितरण एवं पुनर्वास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शुक्रवार को उनकी अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में दोनों परियोजनाओं से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में परियोजनावार भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर वितरण एवं पुनर्वास की प्रगति की जानकारी ली गई। इस दौरान पूर्ण हो चुके कार्यों, वर्तमान में चल रहे कार्यों तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने एसएलओ को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा प्रतिकर वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को समयबद्ध रूप से प्रतिकर उपलब्ध कराया जाए और पात्र प्रभावितों के लिए कैंप आयोजित कर भुगतान प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। भूमि अधिग्रहण, प्रतिकर भुगतान एवं पुनर्वास से जुड़े मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति में तेजी लाएं।
बैठक में उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता, डीजीएम सॉन्ग बांध परियोजना प्रताप सिंह बिष्ट, डीजीएम लखवाड़ बांध परियोजना शिवदास, एसएलओ नीलू चावला, कानूनगो बलवंत तोमर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
